गाजियाबाद [शाहनवाज अली]। रमजान का पाक महीना चल रहा है। वहीं, पूरा मुल्क कोरोना जैसी बीमारी से जूझ रहा है। इन हालात में सबसे ज्यादा एक दूसरे की मदद करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इबादत इसी का नाम है कि हम दूसरों के काम आएं दूसरों का भला करें। कोरोना की चपेट में आकर उबर चुके लोग मजहब देखे बगैर इंसानियत बचाने के लिए प्लाज्मा डोनेट करें। वहीं, अहतियात के तौर पर आक्सीजन सिलेंडर जमा करने वाले जरूरतमंदों को दें, जो सदका-ए जारिया है। मंगलवार को अखिल भारतीय इमाम संगठन मुख्य इमाम डाॅ. इमाम उमेर अहमद इलयासी ने संजयनगर में डाॅ. मोइनुद्दीन के यहां दैनिक जागरण से विशेष वार्ता की। उन्होंने कहा कि ईद चांद दिखाई देने के बाद 13 या 14 मई की होगी। रमजान का महीना है कोरोना के हालात से सभी वाकिफ हैं। रमजान में साहिब-ए हैसियत मुसलमानों पर ढ़ाई फीसदी जकात फर्ज है। जकात को सही जगह और सही लोगों तक पहुंचाएं। जकात के लिए पहले अपने रिश्तेदार, पड़ौसी और मोहल्ले और बाद में ऐसे जरूरतमंद लोगों को तलाश करें, जिनको इसकी बेहद जरूरत है। ताकि उनके हालात बेहतर किए जा सकें।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र में बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया में कंपनी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना पर मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौजूद हैं और आग पर नियंत्रण की कोशिशें जारी है। कंपनी में कितने आदमी हैं या फिर लॉकडाउन के चलते बंद है? इसकी जानकारी नहीं मिली है। जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, कविनगर थाना क्षेत्र के बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्टरी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। दमकल की 10 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। यहां पर बता दें कि इससे पहले दो दिन पहले सोमवार को नंदग्राम थानाक्षेत्र के हिंडन विहार स्थित कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भीषण थी कि अत्यधिक तापमान से गोदाम से सटे 8 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके साथ ही एक मकान में रखा सारा सामान जल गया। उधर, मौके पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। मिली जानकारी के मुताबिक, गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया है। इसके साथ सोमवार को ही आग की दूसरी घटना सिहानी गेट थानाक्षेत्र के गांधीनगर में हुई, जहां शार्ट सर्किट से साईं मंदिर में आग लग गई। दरअसल, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सिहानी गेट थानाक्षेत्र के गांधीनगर स्थित साईं मंदिर में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की दो गाड़ियों को भेजा गया, जिन्होंने 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आकर मंदिर परिसर में बने अस्थाई ढांचे में पालकी व श्रंगार आदि का सामान जल गया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : कोरोना काल में विभिन्न मंदिरों और आश्रम द्वारा बड़े स्तर पर मदद की जा रही है। वहीं हिसाली स्थित पावन चितन धारा आश्रम द्वारा संचालित 'युवा अभ्युदय मिशन' द्वारा फ्री कोविड हेल्पलाइन शुरू की गई है। हेल्पलाइन के जरिये पिछले सात दिन से गाजियाबाद ही नहीं विभिन्न राज्यों में मदद की जा रही है। मदद के लिए कार्यक्रम को गाजियाबाद से ही नियंत्रित किया जा रहा है। शुरुआत में केवल गाजियाबाद में ही सेवा की शुरुआत की गई थी, लेकिन अब देश भर के विभिन्न राज्यों से चिकित्सक व आश्रम से जुड़े सेवादार मदद के लिए आगे आए हैं।